दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा एक्सेल डेटा सर्विस द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सारथी योजना अंतर्गत मेगा स्किल सेंटर में शुक्रवार को स्टार एलुमनी एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम झारखंड कौशल विकास सोसाइटी तथा श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नशा मुक्ति जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक का भी मंचन किया गया। समारोह में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर सफलतापूर्वक कोर्स पूर्ण करने वाले प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को स्टार एलुमनी के रूप में सम्मानित किया गया। सम्मानित प्रशिक्षुओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कौशल प्रशिक्षण ने उन्हें रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ आत्मनिर्भर बनने का मार्ग भी प्रशस्त किया है। उन्होंने अन्य युवाओं से भी सरकार की कौशल विकास योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से दर्शाया। नाटक में बताया गया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा है। इसके माध्यम से उपस्थित लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। सेंटर मैनेजर सौरव कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सारथी योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि कौशल विकास आज के समय की आवश्यकता है और प्रशिक्षित युवा बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। वहीं सेंटर मैनेजर कृतिक पांडेय ने कहा कि संस्थान युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कौशल प्रशिक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना भी आवश्यक है, ताकि युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझ सकें।मौके पर प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर आदित्य सिंह, प्रशिक्षक राजेश रंजन, देव दास, कमरान अशरफ, सूरज कुमार सहित केंद्र के अन्य स्टाफ सदस्य एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षु और अभिभावक उपस्थित थे।