दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा : जामताड़ा उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के पंचायत स्तर पर निरीक्षण और अनुश्रवण अभियान की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जमीनी स्तर पर जाकर लोगों से संवाद करें और प्रशासन के प्रति आमजनों का विश्वास मजबूत करें। उपायुक्त ने कहा कि जांच के लिए दिए गए प्रपत्रों के अनुसार ही निरीक्षण करें तथा गांवों में समय देकर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी राय लेने और छोटी-छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे प्रशासन के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ेगा। बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निरीक्षण के दौरान दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की जांच करें तथा मरीजों से सीधा संवाद करें।उन्होंने पंचायत स्तर पर सभी सुविधाओं की जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित करने, पंचायत कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा ज्ञान केंद्र एवं सामुदायिक पुस्तकालयों को पुनः सक्रिय करने का निर्देश दिया। पेयजल समस्या पर सख्त रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में कहीं भी पानी की समस्या नहीं होनी चाहिए।उन्होंने पीएचईडी को कार्यबल बढ़ाकर जमीनी स्तर पर सक्रिय होने और खराब पड़े चापाकलों की तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया। फील्ड टेस्टिंग किट सहियाओं को उपलब्ध कराने और नियमित जल जांच सुनिश्चित करने को भी कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार सहित कई वरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।