संवाददाता: राजन साहू, कानपुर
कानपुर। आगामी भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर आयुक्त ने सोमवार को माननीय सदस्य विधान परिषद श्री सलिल बिश्नोई के साथ प्रस्तावित यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।
14 जुलाई 2026 को हुए इस निरीक्षण में क्षेत्रीय पार्षद अमित गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, आदर्श गुप्ता सहित जगन्नाथ यात्रा समिति के पदाधिकारी भी मौजूद रहे। नगर निगम से मुख्य अभियंता, महाप्रबंधक जलकल, जोनल अधिकारी, जनरल स्वच्छता अधिकारी समेत अन्य विभागों के अधिकारी भी साथ थे।
नगर आयुक्त ने पूरे मार्ग पर साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, कूड़ा उठान, स्ट्रीट लाइट, प्रकाश व्यवस्था और पैचवर्क का स्थलीय परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रथयात्रा शुरू होने से पहले नगर निगम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी कर ली जाएं।
नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता कार्यों का नियमित भौतिक सत्यापन किया जाए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर समयबद्ध कार्य पूर्ण करें और सतत निगरानी रखें।