रफ्तार मीडिया मिथिलेश यादव *पलामू*:- जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में अंधविश्वास में आकर एक चाचा ने अपने 12 वर्षीय भतीजे की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. पुलिस ने पूरे मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है. मृतक 12 वर्षीय रौशन बैठा सुबह-सुबह घर के बाहर घूम रहा था. इसी क्रम में चाचा अनिल बैठा मौके पर पहुंचा और अपने भतीजे रौशन को चाकू से गोद डाला और उसकी गला दबा दी. इस घटना में रौशन की मौके पर ही मौत हो गई है.

इस वजह से की गई हत्या

घटना की जानकारी मिलने के बाद चैनपुर थाना के पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चाचा अनिल बैठा को गिरफ्तार कर लिया है. घटना पर थाना प्रभारी लाल जी ने बताया कि अंधविश्वास में घटना को अंजाम दिया गया है. आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अनिल बैठा बच्चे नहीं होने का दोषी रौशन की मां को मान रहा था.

घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को उठाने नहीं दे रहे थे. मृतक के पिता बाहर मजदूरी करते हैं, ग्रामीणों का कहना था कि पिता लौटेंगे उसके बाद ही शव को उठाने दिया जाएगा. घटना की जानकारी मिलने के बाद सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंची. एसडीपीओ के द्वारा ग्रामीणों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.अनिल अंधविश्वास में सोच रहा था कि रौशन की मां के कारण उसका बच्चा जन्म नहीं ले रहा है, कोख में ही खराब हो जा रहा है. थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है. इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन एवं शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे हैं. मृतक बच्चे के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है.