दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
जामताड़ा समाहरणालय सभागार में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने को लेकर विभिन्न तैयारियों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान सहित प्रतिमा स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं अन्य व्यवस्थाओं को अगले दो दिनों में पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त के दिन प्रत्येक मिनट महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी अधिकारी समय प्रबंधन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। समारोह में पंडाल, बैठने की व्यवस्था, साउंड सिस्टम, मंच, फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी, ड्रोन कैमरा, पेयजल, चलंत शौचालय एवं चिकित्सा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। *सुबह 9 बजे गांधी मैदान में होगा ध्वजारोहण* निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांधी मैदान में सुबह 9 बजे मुख्य ध्वजारोहण होगा। इसके बाद समाहरणालय में 10:10 बजे, एसपी कार्यालय में 10:15 बजे, जिला परिषद में 10:25 बजे, उपायुक्त न्यायालय में 10:55 बजे, अनुमंडल कार्यालय में 11 बजे, एसडीपीओ कार्यालय में 11:05 बजे, साइबर थाना में 11:10 बजे, वन प्रमंडल कार्यालय में 11:20 बजे और पुलिस लाइन में 11:30 बजे राष्ट्रध्वज फहराया जाएगा।बैठक में बताया गया कि परेड का पूर्वाभ्यास 8 अगस्त से शुरू हो चुका है। 13 अगस्त को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में अंतिम पूर्वाभ्यास होगा। इस बार जिला बल, आईआरबी झिलुवा, होमगार्ड एवं विभिन्न विद्यालयों के प्लाटून व बैंड पार्टी सहित कुल 15 प्लाटून परेड में शामिल होंगे। *ड्राई डे का होगा सख्ती से पालन* उपायुक्त ने निर्देश दिया कि 15 अगस्त को जिले की सभी शराब दुकानें बंद रहेंगी। कसाईखाने, मांस-मछली की दुकानें भी बंद रखने का निर्देश दिया गया है। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जेबीसी सीएम उत्कृष्ट विद्यालय में सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 15 अगस्त को गांधी मैदान में मैत्री क्रिकेट/फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, गुड सेमेरिटन एवं विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित करने की तैयारियों के निर्देश दिए गए। मौके पर उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा, परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, सिविल सर्जन डॉ एस के मिश्रा, पुलिस उपाधीक्षक नीलम कुजूर, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला शिक्षा पदाधिकारी चार्ल्स हेंब्रम, जिला शिक्षा अधीक्षक विकेश कुणाल प्रजापति सहित जिला स्तरीय संबंधित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, पुलिस अधिकारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।