गिरिडीह/झारखंड/ मनोज बर्मन ::  उपायुक्त, श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, राशन कार्ड अद्यतन, ई-पॉस मशीन के माध्यम से वितरण, तथा अन्य संबंधित योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने हेतु ई-पॉस मशीन का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, लाभुकों को निर्धारित मात्रा एवं गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध हो, इसकी नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी शिकायत प्राप्त होती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में राशन कार्डों के लंबित आवेदनों एवं त्रुटि सुधार की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन किया जाए तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रखा जाए। इसके साथ ही, अपात्र लाभुकों की पहचान कर उन्हें सूची से हटाने की प्रक्रिया को भी तेज करने पर बल दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर वितरण प्रणाली की जमीनी हकीकत का आकलन करें और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी जन वितरण प्रणाली दुकानों पर आवश्यक सूचना बोर्ड प्रदर्शित किए जाएं, जिसमें उपलब्ध खाद्यान्न की मात्रा, दर एवं वितरण तिथि स्पष्ट रूप से अंकित हो। इससे लाभुकों को जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी और पारदर्शिता भी बनी रहेगी। उपायुक्त ने आपूर्ति विभाग के कार्यों में तकनीकी सुधार एवं नवाचार को अपनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग कर योजनाओं के क्रियान्वयन को प्रभावी बनाया जाए, जिससे भ्रष्टाचार की संभावनाओं को समाप्त किया जा सके और आम जनता का विश्वास सुदृढ़ हो। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, गुलाम समदानी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।