ओमप्रकाश तिवारी 
मोतिहारी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) की पहल पर जिले के सभी थानों में मेस संचालन का निर्देश जारी किया गया है। इस व्यवस्था के तहत परिवार के साथ रहने वाले कर्मियों को छोड़कर सभी पुलिसकर्मी मेस में भोजन करेंगे।
इस पहल का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। इससे जवानों को स्वयं खाना बनाने में लगने वाले समय की बचत होगी, जिससे वे अपनी ड्यूटी पर अधिक ध्यान दे सकेंगे।
पुलिस प्रशासन का मानना है कि मेस व्यवस्था लागू होने से ड्यूटी पर विलंब से पहुंचने की शिकायतों में कमी आएगी। साथ ही बैरक एवं कमरों में गैस सिलेंडर या हीटर के उपयोग से होने वाली आगजनी की घटनाओं पर भी रोक लगेगी।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को मेस संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। पुलिस महकमे में इस पहल को जवानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य, अनुशासन और कार्यक्षमता में सकारात्मक सुधार होने की उम्मीद है।