नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून (Southwest Monsoon) तेजी से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है। अब लोगों की निगाहें उत्तर भारत पर टिकी हैं, जहां बारिश का इंतजार बढ़ता जा रहा है।
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून के झारखंड और बिहार के बाकी हिस्सों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में भी पहुंचने की संभावना है। इसके लिए परिस्थितियां लगातार अनुकूल बन रही हैं।
बिहार में 28 जून से तेज बारिश के संकेत
आईएमडी के मुताबिक 23 से 27 जून के बीच बिहार के विभिन्न इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश (Light to Moderate Rainfall) हो सकती है। वहीं 28 जून को राज्य के कई हिस्सों में व्यापक बारिश के साथ भारी वर्षा (Heavy Rainfall) की संभावना जताई गई है।
इसके अलावा 25 और 26 जून को 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में थंडरस्क्वॉल (Thundersquall) और गरज-चमक की भी चेतावनी जारी की गई है।
उत्तर प्रदेश में कब पहुंचेगा मानसून?
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जून के साथ 29 जून को बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 जून और फिर 28 से 29 जून के दौरान वर्षा के आसार हैं।
हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। विभाग ने 23 से 27 जून तक हीटवेव (Heatwave) चलने की चेतावनी जारी की है।
दिल्ली-एनसीआर में कब होगी बारिश?
दिल्ली-एनसीआर में 23 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के दौरान यह 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
24 जून को भी मौसम बदल सकता है और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। वहीं 26 जून को हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं के चलने का अनुमान है। 25 जून को बादल तो रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम बताई गई है।
झारखंड में इस दिन दस्तक दे सकता है मानसून
झारखंड में मानसून पहले ही कई हिस्सों में पहुंच चुका है और अब अगले 3–4 दिनों में पूरे राज्य में फैलने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार रांची समेत कई जिलों में 24 से 29 जून के बीच अच्छी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना है।
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 से 27 जून, बिहार और दक्षिण-पूर्व मध्य प्रदेश में 23 से 24 जून तथा विदर्भ क्षेत्र में 23 से 25 जून तक लू (Heatwave Alert) चलने की चेतावनी जारी की है।