रफ्तार मीडिया/गिरिडीह: जनस्वास्थ्य की सुरक्षा एवं लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल की गई। समाहरणालय परिसर से उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज फूड सेफ्टी व्हीकल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी अनिता कुजूर, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ राजा कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। इस विशेष फूड सेफ्टी व्हीकल के माध्यम से जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित ठेला, खोमचा तथा सड़क किनारे खाद्य सामग्री बेचने वाले दुकानदारों के खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाएगी। विशेष रूप से गुपचुप, पानीपुरी, चाट, छोला, फास्ट फूड एवं अन्य खुले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी, ताकि आमजनों को मिलावटी एवं अस्वच्छ खाद्य पदार्थों से बचाया जा सके। मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे बिकने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन बड़ी संख्या में बच्चे, युवा एवं आम नागरिक करते हैं। ऐसे में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमित रूप से अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच करें तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फूड सेफ्टी व्हीकल आधुनिक जांच उपकरणों से सुसज्जित है, जिसके माध्यम से मौके पर ही कई खाद्य पदार्थों की प्राथमिक जांच की जा सकेगी। इससे मिलावटी खाद्य सामग्री की पहचान करने में तेजी आएगी और आमजनों को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम मिलेंगे। सिविल सर्जन डॉ बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा कि गर्मी के मौसम में खुले एवं दूषित खाद्य पदार्थों के सेवन से फूड पॉइजनिंग एवं अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह अभियान लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ खाद्य सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। जिला प्रशासन ने सभी खाद्य विक्रेताओं से स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा आवश्यक लाइसेंस एवं पंजीकरण कराने की अपील की है। साथ ही आमजनों से भी अपील की गई कि वे स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही सेवन करें तथा किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना प्रशासन को दें।