दिनेश कुमार पांडेय /रफ्तार ब्यूरो /बोकारो
बोकारो जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की टीम ने छापेमारी की है. यह कार्रवाई चीरा चास थाना क्षेत्र के कैलाश हाउसिंग परिसर में की जा रही है. प्राप्त जानकारी के मुताबिक सीबीआई की टीम यहां रहने वाले शक्ति सिंह नाम के व्यक्ति के आवास संख्या 53 को स्कैन कर रही है.
विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शक्ति सिंह के इस आवास के बाहर अधीक्षक, भारत सरकार का बोर्ड लगा हुआ है. सीबीआई के अधिकारी घर के अंदर मौजूद तमाम दस्तावेजों, बैंक खातों और बेनामी संपत्तियों से जुड़े कागजातों की बारीकी से जांच कर रहे हैं. हालांकि मीडिया से बातचीत करने से गुरेज कर रही है। खबर यह है कि शक्ति सिंह गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) के रिटायर्ड अधिकारी हैं. वे बिहार राज्य में लंबे समय तक पदस्थापित रहे थे और लगभग ढाई वर्ष पूर्व ही अपनी सेवा से सेवानिवृत्त हुए हैं. आशंका है यह छापेमारी उनके सेवाकाल के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने या किसी पुराने वित्तीय घोटाले के सिलसिले में की जा रही है.