शिकारीपाड़ा/दुमका :बालू माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शिकारीपाड़ा के अंचलाधिकारी (CO) कपिल देव ठाकुर ने अवैध बालू परिवहन पर नकेल कसी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान ब्राह्मणी नदी से अवैध रूप से बालू लादकर ले जा रहे दो ट्रैक्टरों को रंगे हाथों जब्त किया गया है। जप्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को फिलहाल शिकारीपाड़ा ब्लॉक मैदान में सुरक्षित खड़ा करवा दिया गया है, और अंचलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है। इस औचक कार्रवाई से क्षेत्र के बालू माफियाओं और अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शिकारीपाड़ा के कजलादहा और उसके आस-पास के नदी घाटों से लंबे समय से बालू का अवैध उत्खनन धड़ल्ले से चल रहा है। बालू माफिया इन घाटों से अवैध रूप से बालू निकालकर उसे सीधे पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल ले जाकर ऊंचे दामों पर बेच देते हैं। माफियाओं का यह जाल इतना सक्रिय है कि हर दिन भोर के तीन बजे से ही सैकड़ों की संख्या में ट्रैक्टर नदी में उतर जाते हैं और अवैध खनन का खेल शुरू हो जाता है। इस काले कारोबार की वजह से सरकार को हर दिन भारी मात्रा में राजस्व की हानि उठानी पड़ रही थी। प्रशासन की इस ताजा कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, वहीं अंचल अधिकारी ने स्पष्ट संकेत दिया है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा।