सरायकेला: सरायकेला खरसावां जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की उपस्थिति में समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण और परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर शतपथि ने खनन संबंधी नियमावलियों में हुए संशोधनों की जानकारी दी। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को संशोधित प्रावधानों से अवगत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जिले के खनन पट्टा क्षेत्रों और ईंट भट्टों की मैपिंग पूरी हो चुकी है। उपायुक्त ने स्टोन क्रशरों और डीलर लाइसेंसधारियों को भी मैपिंग में शामिल करने तथा प्रखंडवार सीमांकन स्पष्ट करने को कहा।बैठक में बालू घाटों के संचालन हेतु ग्रामसभा की स्वीकृति शीघ्र प्राप्त करने, पाटा टोल प्लाजा से लंबित वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने तथा शेष ईंट भट्टों का निरीक्षण कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी और जिला खनन पदाधिकारी को खनिज परिवहन में लगे वाहनों की नियमित जांच, तिरपाल ढंकाई सुनिश्चित करने और मासिक रिपोर्ट देने को कहा गया।पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त छापेमारी, नियमित निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया। उपायुक्त ने विशेष रूप से एनजीटी अवधि में नदी तल से बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन पर पूरी तरह रोक सुनिश्चित करने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तरीय टास्क फोर्स के सभी सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।