दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा
विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा 2026 के तहत 11 जुलाई से 10 अगस्त तक चलने वाले विशेष अभियान का सोमवार को सदर अस्पताल परिसर में विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार, सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा, डॉ. निलेश कुमार एवं डॉ. दुर्गेश झा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उपायुक्त एवं सिविल सर्जन ने जनसंख्या स्थिरता जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जो जिले के विभिन्न गांवों और पंचायतों में भ्रमण कर लोगों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करेगा। इस वर्ष अभियान की थीम जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल रखी गई है। अभियान के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा जनसंख्या स्थिरता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि जागरूकता अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाया जाए तथा परिवार नियोजन को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ लोगों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। सिविल सर्जन डॉ. शिव प्रसाद मिश्रा ने अभियान की रूपरेखा बताते हुए परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में परिवार नियोजन कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, एफपीबीटीटी एवं सहियाओं को सम्मानित किया गया। मौके पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी, चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।