सरायकेला: गम्हरिया थाना के बाहर एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक कार हाईवा की टक्कर के बाद अनियंत्रित होकर ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा टकराई।हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि चालक बाल-बाल बच गया।मिली जानकारी के अनुसार कार संख्या JH05BF1252 मुख्य सड़क पर सामान्य गति से जा रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक हाईवा ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा भिड़ी। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हादसे की सूचना मिलते ही गम्हरिया थाना के पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे चालक विजय सिंह को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें सड़क किनारे लाकर प्राथमिक पूछताछ की गई। चालक ने बताया कि दुर्घटना में उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं लगी है।पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था बहाल कराई। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में थाना में किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है तथा फरार हाईवा की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।