मोतिहारी: जिला परिषद पूर्वी चंपारण की सामान्य बैठक में कई अहम फैसले लिए गए। जिला परिषद अध्यक्ष ममता राय ने स्पष्ट किया कि जिला परिषद की जमीनों पर कब्जा करने वालों और वर्षों से किराया नहीं देने वाले किरायेदारों के खिलाफ जल्द अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में स्वास्थ्य, बिजली, आंगनबाड़ी, आयुष्मान योजना और पशुपालन विभाग की समीक्षा की गई। सभी पीएचसी में जरूरत के अनुसार एंटी रैबीज वैक्सीन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अध्यक्ष ने बताया कि जिला परिषद को वित्तीय वर्ष 2026-27 में 16.53 करोड़ रुपये से अधिक का लाभ होने का अनुमान है, जो संस्था की आर्थिक मजबूती का संकेत है। साथ ही जिले के सात डाकबंगलों का जीर्णोद्धार भी कराया जा रहा है।
संभावित बाढ़ और मानसून को देखते हुए सभी विभागों को तैयारी पूरी करने, सड़कों की मरम्मत और नालों की सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।