सरायकेला: टाटा स्टील गम्हरिया परियोजना से जुड़े जमीनदाताओं की एक महत्वपूर्ण आमसभा रविवार को दुग्धा पंचायत भवन में आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में जमीनदाताओं ने भाग लिया और अपनी एकजुटता का परिचय देते हुए सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए।बैठक में उपस्थित जमीनदाताओं ने कहा कि परियोजना से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर अब तक कंपनी की ओर से जमीनदाता समिति के साथ कोई सार्थक वार्ता नहीं की गई है। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्णय लिया गया कि यदि टाटा स्टील गम्हरिया प्रबंधन जमीनदाता समिति से बातचीत के लिए पहल नहीं करता है, तो जमीनदाता अपनी रणनीति स्वयं तय करेंगे और किसी भी निर्णय के लिए स्वतंत्र होंगे।सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि यदि कंपनी बातचीत के माध्यम से समस्याओं का समाधान नहीं करती है, तो जमीनदाता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सीधे झारखंड उच्च न्यायालय की शरण लेंगे।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि जमीनदाताओं के हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी ने एकजुट रहकर अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया तथा समिति को आगे की रणनीति तय करने के लिए अधिकृत किया। बैठक का समापन एकता बनाए रखने और आवश्यक होने पर लोकतांत्रिक एवं कानूनी लड़ाई लड़ने के संकल्प के साथ हुआ। बैठक में नील कमल महतो,बिशो प्रधान,संजय मंडल,सुशील कुमार महतो,नुकुल सोरेन,श्रीमति मांझियाण,श्रीमति पुष्पा टुडू,श्रीमति लोचना प्रधान,श्रीमति सरिता देवी,श्रीमति पुनम देवी, मिहिर कैवर्त सहित काफी संख्या में जमीनदाता मौजूद रहे।