दीपचंद्र दीक्षित/नवाबगंज/फर्रुखाबाद। जनपद के मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नौली में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत में घास काट रहे एक बुजुर्ग को गोली लग गई। घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी ओमवीर सिंह (70 वर्ष) सुबह गांव के बाहर मक्के के खेत में चारा काट रहे थे। इसी दौरान गोली चलने की घटना हुई और एक गोली उनके पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मेरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की सहायता से घायल बुजुर्ग को नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। वहां चिकित्सक डॉ. वशिष्ठ कटियार ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
अस्पताल में उपचार के दौरान ओमवीर सिंह ने बताया कि वह खेत में घास काट रहे थे, तभी एक युवक ने रामरहीस के बेटे पर गोली चलाई। निशाना चूक जाने के कारण गोली उनके पैर में लग गई। वहीं परिजन रामरहीस ने आरोप लगाया कि गांव का एक युवक उनके बेटे को गोली मारने की नीयत से आया था, लेकिन उनका बेटा झुक गया और गोली ओमवीर सिंह को लग गई।
परिजनों का कहना है कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश है। बताया गया कि करीब एक वर्ष से खेत संबंधी विवाद चला आ रहा है और पूर्व में भी दोनों पक्षों के बीच मारपीट तथा विवाद की घटनाएं हो चुकी हैं।
मेरापुर थाना प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि मामला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।