दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026 के तहत अंडर-17 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन 16 अप्रैल से 18 अप्रैल तक किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी उत्साह के साथ हिस्सा ले रहे हैं और मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कोलकाता संभाग के सहायक आयुक्त संजीव सिन्हा और मैडम पुष्पिता सिन्हा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन से प्रतियोगिता का शुभारम्भ किया। संजीव सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद भी व्यक्तित्व विकास का अहम हिस्सा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना से खेलने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय चित्तरंजन की प्राचार्या टेक धारनी भी उपस्थित रहीं। उन्होंने मुख्य अतिथि का पुष्प गुच्छ देकर अभिवादन किया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के नन्हे-नन्हे कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रदर्शन कर अनुष्ठान में रंग भर दिया। बच्चों की प्रस्तुति ने सभी अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। मैचों के संचालन के लिए क्रिकेट के अधिकारिक निर्णायक भी मौके पर मौजूद रहे। पहले दिन विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले, जहाँ खिलाड़ियों ने बल्ले और गेंद दोनों से शानदार जौहर दिखाए। कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ शिक्षिका सुदेशना कर सरखेल ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथियों, निर्णायकों, भाग लेने वाले विद्यालयों और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षकों-छात्रों का आभार व्यक्त किया।