जितेन्द्र कुमार रफ्तार मिडिया
चतरा: सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग स्थित देल्हो घाटी में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवा की चपेट में आने से सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई. लक्ष्मण कुमार यादव (28) पिता मुन्नी यादव बिराजपुर गांव का रहने वाला था. वह जम्मू-कश्मीर में तैनात थे और सात दिन पहले ही एक माह की छुट्टी पर अपने घर आए थे. जानकारी के अनुसार लक्ष्मण गुरुवार को बाइक से सिमरिया की ओर से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में कोयला खाली कर आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में जवान गंभीर रूप से घायल हो गए. ग्रामीणों ने उसे घायलावस्था में रेफरल अस्पताल भेजा, जहां स्थिति गंभीर देख हजारीबाग रेफर कर दिया गया. वहां भी स्थिति देख रांची रिम्स रेफर कर दिया गया. रांची रिम्स ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई. घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चला रही है. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने चतरा-सिमरिया पथ स्थित बिराजपुर के पास जाम कर दिया. लोग दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा व कोयला वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग की. ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कोयला वाहनों की लापरवाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है. सड़क जाम की सूचना पाकर प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी दल बल के साथ वहां पहुंचकर लोगों को समझाने बुझाने में लगे हुए हैं. सड़क जाम शाम 5:00 बजे से जारी है. शव को सड़क पर रखकर जाम किया गया. घटना से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.