सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में योगदान देते ही निधि द्विवेदी ने स्पष्ट कर दिया कि महिला एवं बच्चों से संबंधित मामलों पर जिला पुलिस की विशेष फोकस रहेगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई, पीड़ितों को कानूनी सहारा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।एसपी ने कहा कि जिले में सक्रिय अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष रणनीति तैयार की जा रही है, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर जिले को अपराधमुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को कानून-व्यवस्था के प्रति और अधिक सतर्क व जवाबदेह रहने के निर्देश दिए।नवपदस्थापित एसपी निधि द्विवेदी का जिला पुलिस बल द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समीर कुमार सवैया, अरविंद बिंद्रा, पूजा कुमारी सहित जिले के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।एसपी ने कहा कि पुलिस-जन सहयोग को मजबूत बनाते हुए भरोसे का वातावरण तैयार किया जाएगा, ताकि आम नागरिक बिना किसी भय के अपनी समस्याएं पुलिस तक पहुंचा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पारदर्शी कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से कानून का राज स्थापित किया जाएगा।