दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा।गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र अंतर्गत चापुड़िया उच्च विद्यालय के समीप मंगलवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेज रफ्तार एक मिनी ट्रक अनियंत्रित होकर विद्यालय की चारदीवारी से जा टकराया।घटना के समय विद्यालय में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे।अचानक हुई जोरदार टक्कर की आवाज से विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बच्चों व शिक्षकों में भय का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिनी ट्रक काफी तेज गति से जामताड़ा की ओर जा रहा था।इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे विद्यालय की चारदीवारी में जा घुसा। हादसे में विद्यालय की चारदीवारी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी छात्र या शिक्षक को चोट नहीं पहुंची और सभी सुरक्षित बच गए।दुर्घटना में ट्रक चालक को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए चालक को वाहन से बाहर निकाला और पास के एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए भेजा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही बिंदापाथर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त मिनी ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।वहीं स्थानीय लोगों ने विद्यालय के पास तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।