कुशीनगर :-जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर द्वारा आज विकास खंड निबुआ नौरंगिया के ग्राम पंचायत मठिया धीर का भ्रमण कर स्थानीय वृक्ष मित्र  जितेंद्र यादव द्वारा संचालित नर्सरी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने नर्सरी में तैयार किए गए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का अवलोकन किया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के क्षेत्र में किए जा रहे उनके योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर वृक्ष मित्र  जितेंद्र यादव ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से वृक्षारोपण एवं पौध तैयार करने के कार्य से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक वह लगभग 40 हजार पौधों की नर्सरी तैयार कर चुके हैं तथा विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके द्वारा पोखरों, नदी किनारों, देवस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं खेल के मैदानों में बड़ी संख्या में वृक्ष लगाए गए हैं, जो आज पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज के ऐसे समर्पित एवं प्रेरणादायी व्यक्तित्व वास्तव में अनुकरणीय हैं। उन्होंने मौके पर उपस्थित वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि  जितेंद्र यादव जैसे ऊर्जावान एवं अनुभवी व्यक्तियों को विभागीय योजनाओं से प्रभावी रूप से जोड़ा जाए। साथ ही उनके अनुभव एवं ज्ञान का उपयोग किस प्रकार व्यापक जनहित में किया जा सकता है, इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में प्रस्तावित लगभग 39 लाख पौधों के वृक्षारोपण अभियान को सफल बनाने में ऐसे वृक्ष मित्रों का सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा ग्राम पंचायत भवन परिसर की खाली भूमि पर पीपल का पौधा रोपित कर वृक्षारोपण का संदेश भी दिया गया। उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम ही नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं।

अंत में जिलाधिकारी ने वृक्ष मित्र  जितेंद्र यादव को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा अन्य लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस अवसर पर वन विभाग एवं प्रशासन के अधिकारीगण तथा ग्रामवासी उपस्थित रहे।