सवांददाता मो. जमशेद।
काठीकुंड अबुआ जाति एवं निवासी प्रमाण पत्र अभियान के तहत बुधवार को काठीकुंड प्रखंड के आसनपहाड़ी पंचायत भवन तथा पंदनपहाड़ी पंचायत के बघसोला स्कूल परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को जाति, निवासी एवं पारिवारिक सूची प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाना था। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर आवश्यक प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन जमा किए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसनपहाड़ी पंचायत भवन में आयोजित शिविर में कुल 132 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि बघसोला स्कूल में आयोजित शिविर में 32 आवेदन जमा किए गए। इस प्रकार दोनों शिविरों में कुल 164 आवेदन प्राप्त हुए। सभी आवेदनों को अंचल कर्मियों द्वारा जांच के लिए स्वीकार किया गया तथा प्रज्ञा केंद्र संचालकों की सहायता से आवेदनों की ऑनलाइन एंट्री भी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर जल्द ही प्रमाण पत्र निर्गत किए जाएंगे, ताकि पात्र लाभुकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। शिविर के दौरान ग्रामीणों को प्रमाण पत्रों की आवश्यकता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि जॉन सोरेन, अंचल निरीक्षक मनोज कुमार, कर्मचारी राजेश बाजपेई, अंचल अमीन मनीर अंसारी, ऑपरेटर बिमल कुमार, पंचायत सचिव अनिता हेम्ब्रोम, मुखिया रोशन मुर्मू, प्रज्ञा केंद्र संचालक जमशेद अंसारी, नैयर सुल्तान तथा आंगनबाड़ी सेविकाएं उपस्थित रहीं। जॉन सोरेन ने ग्रामीणों से समय पर आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।