रामगढ़/ डीके राठौर:रामगढ़/पतरातु: रामगढ़ पुलिस अधीक्षक अजय कुमार को मिली गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस नेअ एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। पतरातु के हेसला इलाके में दबिश देकर पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। इनके पास से 9mm कार्बाइन और देशी पिस्टल समेत भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए हैं।
आधी रात को बिछाया गया जाल
मिली जानकारी के अनुसार, 13 अप्रैल की रात करीब 8:30 बजे एसपी अजय कुमार को सूचना मिली कि राहुल दुबे गैंग के अपराधी अवैध हथियारों के साथ पतरातु के हेसला गांव में घूम रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन एएसपी (सदर) सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव गोस्वामी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एस ई टी) का गठन किया गया। पूरे जिले में अलर्ट जारी कर 'एंटी क्राइम चेकिंग' अभियान शुरू किया गया।
काली मंदिर मैदान के पास हुई घेराबंदी
पतरातु पुलिस और ( एस ई टी) ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की। इसी दौरान हेसला स्थित टाइप-2 काली मंदिर मैदान के पास एक संदिग्ध बाइक (JH 02AB 5319) को रोका गया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने की कोशिश करने लगे, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उन्हें धर दबोचा।
पकड़े गए अपराधियों की पहचान:
करण करमाली (19 वर्ष): निवासी हेसला (मूल निवासी साड़म, गोला)।
शिवम मिश्रा उर्फ नंदू (23 वर्ष): निवासी जनतानगर, पतरातु (मूल निवासी नबीनगर, औरंगाबाद)।
तलाशी में निकला मौत का सामान जब पुलिस ने दोनों की तलाशी ली तो दंग रह गई। करण करमाली की कमर से 7.65 एम एम की लोडेड देशी पिस्टल बरामद हुई। वहीं, बाइक के पीछे टंगे एक थैले की तलाशी लेने पर उसमें से घातक 9 एम एम की लोडेड देशी कार्बाइन (एस एम) बरामद की गई। कुल 5 जिंदा गोलियां और बाइक भी जब्त कर ली गई है।
कबूला जुर्म: ओसम डेयरी कांड में थे शामिल
पूछताछ के दौरान दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे राहुल दुबे गैंग के लिए काम करते हैं। अपराधियों ने यह भी माना कि बीते 4 अप्रैल को पतरातु स्थित ओसम डेयरी प्लांट में हुई अंधाधुंध गोलीबारी की घटना में वे सीधे तौर पर शामिल थे।
पुलिस टीम की तत्परता
इस सफल अभियान में एएसपी गौरव गोस्वामी के साथ पतरातु अंचल निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, थाना प्रभारी शिवलाल कुमार गुप्ता, भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली, भुरकुंडा ओपी प्रभारी उपेंद्र कुमार सहित तकनीकी शाखा के जवान शामिल थे। पुलिस ने पतरातु थाना कांड संख्या 91/26 के तहत बीएनएस और आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।