दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र से मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है।पुलिस अधीक्षक दुमका को सूचना मिली थी कि ग्राम पगवारा पहाड़ के पास कुछ युवक अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जरमुंडी नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।मंगलवार दोपहर करीब दो बजे पुलिस टीम ने उक्त स्थल पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही तीन युवक भागने लगे, जिन्हें खदेड़कर पकड़ लिया गया।युवकों के तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से ब्राउन शुगर बरामद की गई।गिरफ्तार तीनों आरोपी ग्राम सिंघनी, थाना हंसडीहा के रहने वाले हैं।गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य मुनताज अंसारी उर्फ लखपतिया का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। उस पर हंसडीहा, मोहनपुर और पोड़ैयाहाट थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट और सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस कार्रवाई में एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, थाना प्रभारी प्रियंका आनंद सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।