रफ़्तार मिडिया सोनाहातु संवाददाता
रांची जिले के सोनाहातु एवं राहे प्रखंड के सैकड़ों गांवों में जियो नेटवर्क की बदहाल स्थिति पर झारखंड छात्र मोर्चा ने गहरी चिंता जताई है। JCM के पूर्व जिला उपाध्यक्ष राजु कुमार (राजीव) ने रिलायंस जियो इंफोकॉम के प्रबंधक से मिलकर लिखित आवेदन सौंपा और शीघ्र सुधार की मांग की।राजु कुमार ने बताया कि क्षेत्र के अधिकांश गांवों में नेटवर्क अत्यंत कमजोर है, जबकि कई स्थानों पर पूरी तरह गायब है। इससे मोबाइल से बातचीत, इंटरनेट सेवा और डिजिटल कार्य ठप हैं। ग्रामीणों को नेटवर्क के लिए गांव से बाहर या ऊंचे स्थानों पर जाना पड़ रहा है।उन्होंने कहा कि खराब नेटवर्क से छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म, सरकारी योजनाओं का लाभ, बैंकिंग सेवाएं और पंचायत स्तर के डिजिटल कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। आपात स्थिति में 108 एम्बुलेंस, 100/112 पुलिस सहायता जैसी जरूरी सेवाओं से संपर्क नहीं हो पा रहा, जिससे नागरिकों की सुरक्षा पर भी खतरा है।
राजु कुमार ने कहा कि सोनाहातु-राहे में 80% से अधिक लोग जियो सिम इस्तेमाल करते हैं, लेकिन दयनीय नेटवर्क के कारण हजारों उपभोक्ता रोज परेशान हैं। यह जनसुविधा से जुड़ा गंभीर विषय है।उन्होंने प्रभावित गांवों का तकनीकी सर्वे कर अतिरिक्त टावर और उपकरण लगाने की मांग की। चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र-युवा लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी कंपनी की होगी।मौके पर सूरज सोनार, किशोर सेठ, राकेश प्रजापति, मिलन स्वांसी, पिंटू महतो, बासुदेव महतो, मुन्ना कुमार, मृत्युंजय महतो समेत कई लोग मौजूद थे।