बिद्युत महतो / रफ्तार मीडिया संवाददाता, ईचागढ़:चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड कार्यालय के पीछे स्थित पुराने एफसीआई गोदाम में हाल ही में कराए गए मरम्मत कार्य की पोल हल्की हवा ने ही खोल दी। लाखों रुपये खर्च कर भवन में प्लास्टर, रंगाई-पुताई और नए शेड का निर्माण कराया गया था, लेकिन हल्की हवा चलते ही गोदाम का शेड उड़ गया। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

सबसे हैरानी की बात यह है कि भवन का अब तक विभागीय हैंडओवर भी नहीं हुआ है। ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही शेड का उड़ जाना विभागीय कार्यशैली और निर्माण एजेंसी की कार्य गुणवत्ता पर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है।

मामले को लेकर कुकड़ू प्रखंड प्रमुख प्रतिमा वाला पातर ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि का दुरुपयोग कर खानापूर्ति की गई है। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की गई, जिसका नतीजा है कि हल्की हवा भी शेड को नहीं झेल सकी।

प्रमुख ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, निर्माण कार्य की तकनीकी जांच करवाने तथा दोषी संवेदक और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जब नया शेड ही पहली हवा में उड़ जाए, तो निर्माण कार्य की मजबूती का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।