राजु मंडल /रफ्तार मीडिया सवाददाता /गांडेय।

​गांडेय थाना क्षेत्र के आहारडीह निवासी 19 वर्षीय युवक छोटू अंसारी की कोडरमा में संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। युवक की मौत के बाद परिजनों ने पंडाल निर्माता (मालिक) पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। शनिवार की शाम शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के पिता अनाउल अंसारी ने बताया कि पड़ोस के भंडरकुंडा निवासी कमालुद्दीन उनके बेटे छोटू अंसारी को काम दिलाने के बहाने 12 जून को बिहार के नवादा ले गया था। वहां छोटू को पंडाल मालिक राजा सिंह के पास काम पर रखा गया था।

*​पिता ने बताया—बेटे ने फोन पर दी थी धमकी मिलने की जानकारी*

अनाउल अंसारी ने बताया कि बीते गुरुवार की देर रात छोटू ने उन्हें फोन कर बताया कि पंडाल में उसके साथ मारपीट की गई है। जब उन्होंने मामले को लेकर पंडाल मालिक राजा सिंह से बात की, तो मालिक ने उल्टा उन्हें ही धमकाते हुए बेटे को मार देने की बात कही।
​इसके बाद किसी तरह छोटू पंडाल मालिक से 500 रुपये लेकर बस से नवादा से कोडरमा के लिए निकला। रास्ते में छोटू ने फिर फोन कर बताया कि कुछ लोग उसका पीछा कर रहे हैं। शुक्रवार दोपहर को पिता की अंतिम बार बेटे से बात हुई। जब शुक्रवार शाम तीन बजे उन्होंने दोबारा फोन किया, तो कोडरमा पुलिस ने फोन रिसीव किया और छोटू की सड़क दुर्घटना में मौत होने की जानकारी दी।

*​साजिश का आरोप, पुलिस से न्याय की गुहार*

परिजनों का कहना है कि यह दुर्घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी साजिश के तहत की गई हत्या है। पिता ने आरोप लगाया कि पंडाल मालिक ने रंजिश में उनके पुत्र की जान ली है। परिजनों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग पुलिस प्रशासन से की है।