रफ्तार मीडिया/ प्रमोद पाण्डेय :बलरामपुर। जनपद में नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नेपाल सीमा के निकट संयुक्त छापेमारी में अवैध दवाओं की बड़ी खेप बरामद की है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दवाओं से लदा पिकअप वाहन भी सीज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को अपराह्न करीब 3 बजे एसएसबी 9वीं बटालियन, ड्रग इंस्पेक्टर सुमीत वर्मा तथा थाना हर्रैया पुलिस की संयुक्त टीम ने महादेव बांकी, खरवन बांध क्षेत्र में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक महिंद्रा पिकअप (संख्या UP 46T 6047) को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें अल्प्राजोलाम, डाइसाइक्लोमाइन हाइड्रोक्लोराइड, ट्रामाडोल, एसीटामिनोफेन टैबलेट्स और कोडोडेक्स कफ सिरप जैसी दवाएं अवैध रूप से परिवहन की जा रही थीं।
छापेमारी के दौरान वाहन में सवार गोविंद सोनी, आकाश कुमार श्रीवास्तव और चालक कपिल जायसवाल को गिरफ्तार किया गया। मौके से कुल 35 बॉक्स दवाएं बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत ₹11,47,057 आंकी गई है। साथ ही पांच दवाओं के नमूने जांच के लिए सुरक्षित किए गए हैं।
यह संयुक्त कार्रवाई लगभग 12 घंटे तक चली, जो 15 अप्रैल की अपराह्न से शुरू होकर 16 अप्रैल की सुबह तक जारी रही। मामले में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 08/21, मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 तथा औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम 1940 की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रशासन का कहना है कि नेपाल सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमावर्ती क्षेत्रों में सख्त निगरानी रखी जा रही है।