दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा शहर के ज्ञान रेनु विद्या निकेतन विद्यालय में मंगलवार को एक साप्ताहिक समर कैंप का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस समर कैंप का संचालन झारखंड के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर एवं जामताड़ा के गौरव विजय सिंह द्वारा किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभाओं को निखारना और उन्हें कला एवं संगीत के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षण प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के डायरेक्टर श्यामल कुमार मंडल उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ कला, संगीत और नृत्य जैसी गतिविधियां भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। समर कैंप में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रशिक्षकों ने बच्चों को प्रशिक्षण दिया। कैंप में डांस, आर्ट एंड क्राफ्ट, गिटार और म्यूजिक की विशेष कक्षाएं आयोजित की गईं। डांस प्रशिक्षण का नेतृत्व विजय सिंह ने किया, जबकि म्यूजिक टीचर शिशिर तिवारी, डांस टीचर अजय मुर्मू, आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका संध्या जी तथा गिटार टीचर अजय यादव (मधुपुर) ने बच्चों को अलग-अलग विधाओं की जानकारी दी। इसके अलावा बाहर से आए प्रशिक्षकों में गोड्डा से आकाश सोनी, गिरिडीह से अमित कुमार और दुमका से अभीअथर ने भी बच्चों को विशेष प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षकों ने बच्चों को आधुनिक डांस स्टेप्स, पेंटिंग तकनीक, गिटार की बेसिक धुनें और रचनात्मक गतिविधियों की बारीकियां सिखाईं। कैंप के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने भी पूरे मनोयोग से गतिविधियों में हिस्सा लिया और नई चीजें सीखने का प्रयास किया।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि समर कैंप पूरे सप्ताह चलेगा, जिसमें बच्चों को विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।