सरायकेला:सरायकेला जिले के दुग्धा पंचायत अंतर्गत दुग्धा गांव स्थित शिव मंदिर प्रांगण में गुरुवार को 15वें वित्त आयोग मद से लगभग 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाले 2000 लीटर क्षमता के वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट का विधिवत शिलान्यास जिला परिषद सदस्य सम्भू मंडल ने किया। योजना का निर्माण कार्य मेसर्स जेएच कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जाएगा। इसके पूरा होने के बाद गांव के लोगों को स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।शिलान्यास के अवसर पर जिला परिषद सदस्य सम्भू मंडल ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्य बनने के बाद उन्होंने संकल्प लिया था कि ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इसी सोच के तहत जलमीनार के साथ वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट स्थापित करने की योजना बनाई गई, ताकि लोगों को सीधे शुद्ध पेयजल मिल सके।उन्होंने कहा कि योजना का कार्य शुरू होने से उन्हें खुशी है। इसके पूरा होने के बाद ग्रामीणों को साफ और सुरक्षित पेयजल मिलेगा, जिससे दूषित पानी से होने वाली बीमारियों पर भी काफी हद तक रोक लगेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़ी योजनाओं को आगे भी प्राथमिकता के आधार पर धरातल पर उतारा जाएगा।ग्रामीणों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि गांव में लंबे समय से शुद्ध पेयजल की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। वाटर फिल्ट्रेशन प्लांट बनने के बाद लोगों को स्वच्छ पानी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और दैनिक जरूरतों के लिए सुरक्षित पेयजल आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।शिलान्यास कार्यक्रम में दुग्धा गांव के बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।