जितेंद्र कुमार दास

तोपचांची: प्रखंड अंतर्गत चलकरी गांव निवासी एवं प्रखंड कार्यालय में कार्यरत चतुर्थवर्गीय कर्मी महेश बिरहोर (38) की शनिवार सुबह अचानक मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे चलकरी गांव और प्रखंड क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटना के साथ ही पिछले चार माह से वेतन लंबित रहने का मामला भी सामने आया है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
मृतक की पत्नी फुलमनी बिरहोरनी ने बताया कि शनिवार सुबह महेश बिरहोर ने माड़-भात खाने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द की शिकायत की। परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले उनकी तबीयत बिगड़ गई और देखते ही देखते उनकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि महेश बिरहोर को पिछले चार माह से वेतन नहीं मिला था। नियमित आय बंद रहने से परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा था और घर का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया था। ऐसे में उनकी असामयिक मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही तोपचांची प्रखंड के अधिकारी तथा प्रखंड प्रमुख आनंद महतो मृतक के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
प्रखंड प्रमुख आनंद महतो ने बताया कि परिजनों के अनुसार सुबह अचानक सीने में दर्द उठने से महेश बिरहोर की मौत हुई। उन्होंने कहा कि रविवार को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि लंबित वेतन भुगतान के संबंध में उच्च अधिकारियों से बातचीत हुई है और आश्वासन मिला है कि भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी की जाएगी।
महेश बिरहोर के निधन से चलकरी गांव सहित पूरे तोपचांची क्षेत्र में शोक व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने भी शोक संतप्त परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता एवं लंबित वेतन का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है।