दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा :जामताड़ा नगर पंचायत कार्यालय के सभागार में बुधवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी सह भाजपा नेता तरुण कुमार गुप्ता मौजूद रहे। इस बैठक में जामताड़ा के विभिन्न एनजीओ, सामाजिक संगठनों के अलावे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, सेंट एंथोनी स्कूल के निर्देशक, सत्यमेव जयते फाउंडेशन, सर्वोदय सेवा समिति जामताड़ा, जामताड़ा वालंटियर ब्लड डोनर संगठन सहित कई संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर व्यापक स्तर पर पौधारोपण अभियान चलाकर जामताड़ा को ग्रीन जामताड़ा बनाना था। बैठक को संबोधित करते हुए नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत बन गई है।उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का लक्ष्य है कि विश्व पर्यावरण दिवस के दिन जामताड़ा नगर में कम से कम 2000 पौधे लगाए जाएं। साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा, देखभाल और उनके बेहतर विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि पौधारोपण अभियान केवल औपचारिकता बनकर न रह जाए। वहीं समाजसेवी तरुण कुमार गुप्ता ने कहा कि पहली बार नगर पंचायत स्तर पर सभी एनजीओ, स्कूल प्रबंधन, वन विभाग, विद्यार्थी परिषद और सामाजिक संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि जामताड़ा को हराभरा और स्वच्छ बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है।उन्होंने स्थानीय व्यापारियों एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध वातावरण देने के लिए सभी को आगे आना होगा। मौके पर नगर प्रबंधक निर्मल कुमार आशीष, डॉ. चंचल भंडारी, संजीव दुबे, अरुण कुमार मित्र, राजेंद्र शर्मा, राजेश कुमार भैया, मुन्ना कुमार, अनिल कुमार सिन्हा, चंदन रजक, जाकिर हुसैन, अंजनी दास, शारदा देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।