फेनहारा प्रखंड स्थित आई.बी. भवन में बाढ़ प्रबंधन समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख राधेश्याम सिंह ने की, जबकि संचालन अंचलाधिकारी पूनम दीक्षित द्वारा किया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के सचेतक राणा रणधीर सिंह थे। इस अवसर पर विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोग उपस्थित रहे।
बैठक में विशेष रूप से बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा से बचाव, राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारी तथा बाढ़ के दौरान ग्रामीणों को होने वाली विभिन्न समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन को लेकर अपने-अपने सुझाव भी प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि विधायक राणा रणधीर सिंह ने जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्रामीणों को हो रही समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।