मोतिहारी। आगामी 7 जुलाई 2026 को मोतिहारी प्रखंड की ढेकहां उत्तरी पंचायत में आयोजित होने वाले सहयोग शिविर की सफलता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहारा ने पंचायत क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान उन्होंने सहयोग शिविर के आयोजन स्थल का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है।
एसडीओ ने पंचायत स्तर पर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि शिविर में आने वाले लोगों की शिकायतों एवं आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी देने तथा लाभार्थियों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने विशेष रूप से राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने को कहा। साथ ही शिविर के दौरान साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
सदर अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर तैयारियां पूरी करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। वहीं स्थानीय अधिकारियों ने सहयोग शिविर को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।