ओमप्रकाश तिवारी /मोतिहारी। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव एवं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने मंगलवार को सिकरहना अनुमंडल अंतर्गत ढाका थाना परिसर में शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी ताजिया जुलूस समितियों को जुलूस निकालने से पूर्व लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार के जुलूस के आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम जुलूस के दौरान डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने कहा कि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के धारदार हथियार का प्रदर्शन या उपयोग नहीं किया जाए। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने से बचने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को दें।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने आमजन से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मुहर्रम मनाने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में सहायक समाहर्ता राजकृष्ण झा, अनुमंडल पदाधिकारी ढाका, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ढाका, ढाका अनुमंडल अंतर्गत सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी तथा अनुमंडल स्तरीय शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।