दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा: नारायणपुर प्रखंड मुख्यालय में ओलावृष्टि एवं लगातार बारिश से किसानों को हुए भारी नुकसान के विरोध में मंगलवार को भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष बलदेव मुर्मू ने किया, जबकि संचालन पविया मंडल अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद सिंह ने किया। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। धरना को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। इसके बावजूद अब तक किसानों को उचित मुआवजा और राहत नहीं मिल पाई है। नेताओं ने सरकार से किसानों के हित में तत्काल कदम उठाने की मांग की।कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, जिला उपाध्यक्ष सुकुमार सरखेल, जिला परिषद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि महेंद्र मंडल, वरिष्ठ नेता संजय मंडल, सुशील पदार, दीपक सिंह, जावेद अंसारी और निमाई सेन समेत कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर भाजपा लगातार संघर्ष करती रहेगी और जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना के दौरान किसानों के हित में 12 सूत्री मांग पत्र प्रशासन को सौंपने की बात कही गई।मांगों में फसल क्षति का सर्वे कर उचित मुआवजा देने, किसानों के कृषि ऋण माफ करने, बीमा राशि जल्द भुगतान करने, सिंचाई और खाद-बीज की व्यवस्था सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। अंत में नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।