सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में दर्ज आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (एबेटमेंट टू सुसाइड) के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आदित्यपुर थाना कांड संख्या 280/2021 में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू सिंह (40) को पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए सतवाहिनी, जमालपुर स्थित नर्सरी रोड, वार्ड संख्या-03 में छिपकर रह रहा था।यह मामला 13 अगस्त 2021 को के.वी.वी. राव की लिखित शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पुत्र के. सोमनाथ राव को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया। अनुसंधान के दौरान बरामद सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुल आठ आरोपियों के विरुद्ध मामला सत्य पाया गया।पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपने हस्तलिखित सुसाइड नोट में आरोपियों द्वारा लगातार प्रताड़ना का उल्लेख किया था। गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। मामले के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।