सरायकेला: सरायकेला में आज घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एस.एम. गैस एजेंसी सरायकेला से गैस नहीं मिलने के कारण सुबह से ही दर्जनों लोग गैस गोदाम के बाहर लाइन में खड़े नजर आए, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।बताया जा रहा है कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध के प्रभाव से घरेलू गैस आपूर्ति पर असर पड़ा है। इसी के कारण एजेंसी द्वारा डोर-टू-डोर गैस सप्लाई पहले ही बंद कर दी गई है। अब उपभोक्ताओं को सुबह 7 बजे से ही गैस गोदाम पहुंचकर लाइन लगानी पड़ रही है।इसी बीच आज एजेंसी कार्यालय और गोदाम के दरवाजे पर सूचना चिपकाकर बताया गया कि “कंपनी में तकनीकी खराबी” के कारण आज गैस की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। यह सूचना मिलने के बाद उपभोक्ताओं में नाराजगी देखी गई।खरसावां प्रखंड के शिमला पंचायत अंतर्गत हरि साईं गांव से करीब 10 किलोमीटर साइकिल चलाकर गैस लेने पहुंचे बैद्यनाथ बांडिया ने बताया कि वे सुबह-सुबह साइकिल से यहां पहुंचे थे, लेकिन एजेंसी द्वारा यह कह दिया गया कि आज गैस नहीं मिलेगा, कल आना पड़ेगा। अब उन्हें बिना गैस लिए ही वापस घर लौटना पड़ रहा है।उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ही डोर-टू-डोर सप्लाई बंद है, ऊपर से गैस उपलब्ध नहीं होने से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने प्रशासन से इस समस्या पर जल्द संज्ञान लेकर गैस आपूर्ति सुचारु कराने की मांग की है।