दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता नारायणपुर।
भारतीय जनता पार्टी की ओर से गुरुवार को नारायणपुर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा नेता तरुण गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित यात्रा नारायणपुर दुर्गा मंदिर से शुरू होकर पबिया बाजार पहुंचकर समाप्त हुई। तिरंगा यात्रा में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मोटरसाइकिल के साथ शामिल हुए। कार्यकर्ताओं के हाथों में तिरंगा झंडा लहरा रहा था और पूरे मार्ग में राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के नारे लगाए और लोगों को राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। नारायणपुर दुर्गा मंदिर से शुरू हुई मोटरसाइकिल रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए पाबिया बाजार पहुंची। रास्ते में लोगों ने तिरंगा यात्रा को उत्साह के साथ देखा और कार्यकर्ताओं का अभिवादन किया। पाबिया बाजार में यात्रा के समापन के दौरान आयोजित सभा को भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव का प्रतीक है। आजादी के अमृत महोत्सव के माध्यम से देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में देश में राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश और समाज की सेवा के लिए समर्पित है। कार्यकर्ताओं की एकजुटता, मेहनत और समर्पण ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है। वही तरुण गुप्ता ने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले वीरों को याद करने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के बीच सेवा भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। मौके पर बलदेव हांसदा, संजय मंडल, निमाई सेन, जितेंद्र मंडल, जावेद अंसारी, कमलेश मंडल सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।