पश्चिम चंपारण / मोहम्मद इम्तियाज :। जिले के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में दो अलग-अलग मेडिकल टीमों द्वारा सराहनीय पहल की गई। एक ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिधाव हरनाटांड की टीम ने नरवल-बोरवल उत्क्रमित हाई स्कूल में शिविर लगाकर दर्जनों छात्राओं को HPV का टीका लगाया, वहीं दूसरी ओर रामकृष्ण मिशन की एम्बुलेंस टीम ने वाल्मीकिनगर, मझौआ और रामनगर क्षेत्र में निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया।
नेत्र शिविर में 500 से अधिक मरीजों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान जरूरतमंदों को मुफ्त दवाइयां और नंबर के अनुसार चश्मे वितरित किए गए। जांच में करीब 150 मरीज मोतियाबिंद से पीड़ित पाए गए, जिनके ऑपरेशन के लिए आगे की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इन मरीजों को मुजफ्फरपुर ले जाकर निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
रामकृष्ण मिशन के प्रतिनिधि सह पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सोनू कुमार मिश्रा ने बताया कि मिशन द्वारा लगातार पिछड़े इलाकों में ऐसे शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि गरीब और असहाय लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर इलाज मिल सके। आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड और राशन कार्ड के माध्यम से मरीजों को पूरी तरह मुफ्त सेवाएं दी जा रही हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से उन्हें काफी राहत मिल रही है। अब उन्हें इलाज के लिए दूर शहरों का रुख नहीं करना पड़ता। संस्थान ने भविष्य में भी बगहा के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित करने की बात कही है।