दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा

जामताड़ा जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और नियमित अनुश्रवण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को सभी प्रखंडों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर प्रखंडवार नामित वरीय अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति एवं जमीनी स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों, सरकारी विद्यालयों, जन वितरण प्रणाली की दुकानों, मनरेगा योजनाओं, कल्याण छात्रावासों, प्रशिक्षण केंद्रों, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों सहित अन्य विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। साथ ही योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।अभियान के तहत करमाटांड़ प्रखंड की सिकरपोसनी पंचायत का निरीक्षण उप विकास आयुक्त असीम किस्पोट्टा ने किया। नाला प्रखंड की नाला पंचायत का निरीक्षण परियोजना निदेशक आईटीडीए जुगनू मिंज, फतेहपुर प्रखंड के जामजोरी पंचायत का अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, कुंडहित प्रखंड के बागडेहरी पंचायत का जिला पंचायत राज पदाधिकारी पंकज कुमार रवि तथा जामताड़ा प्रखंड की रानीडीह पंचायत का निरीक्षण अंचल अधिकारी अविश्वर मुर्मू ने किया। इस दौरान प्रतिनियुक्त परीक्ष्यमान उप समाहर्ता एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं के क्रियान्वयन, समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि योजनाओं की गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार का निरीक्षण अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।