फतह सिंह उजाला/गुरुग्राम 21 मई । एक महिला द्वारा थाना सदर, गुरुग्राम की पुलिस टीम को शिकायत के माध्यम से बताया कि गुरुवार को  अपने कार्यालय जाने के लिए रैपिडो कैब बुक की थी। यात्रा के दौरान कैब चालक ने इसके साथ अश्लील हरकत की तथा अश्लील इशारे किए। इसके द्वारा विरोध करने व गाड़ी रुकवाने पर कैब चालक मौके से फरार हो गया। प्राप्त शिकायत पर थाना सदर, जिला गुरुग्राम में सम्बन्धित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया।

पुलिस थाना सदर, गुरुग्राम की पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए उपरोक्त अभियोग में आरोपी कैब चालक को गुरुवार को भोंडसी,गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विजय कुमार(उम्र-23 वर्ष)  निवासी गांव बनिहारी, जिला प्रयागराज (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि आरोपी रैपिडो प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी कार से सवारी ढोने का कार्य करता है। आरोपी ने गुरुवार को शिकायकर्ता को कार में पिक अप किया व थोड़ी दूर चलने के बाद अश्लील हरकत करने की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस टीम द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करके अभियोग में गहनता से पूछताछ की जा रही है।अभियोग का अनुसंधान जारी है। गुरुग्राम पुलिस महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के प्रति पूर्णतः सजग, संवेदनशील एवं प्रतिबद्ध है। महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न या अभद्र व्यवहार की सूचना पर गुरुग्राम पुलिस द्वारा त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाती है। गुरुग्राम पुलिस सभी महिलाओं एवं आमजन से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या ऐसी घटना की सूचना तुरंत पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 या नजदीकी पुलिस थाना को दें, ताकि तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके।