दिनेश कुमार रजक/मिहिजाम:झारखंड राज्य के जामताड़ा जिला अंतर्गत मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र में लाखों की लागत से लगाई गई हाई मास्ट लाइटें और सोलर लाइटें सिर्फ शोभा की वस्तु बनकर रह गई हैं। शालबगान, कृष्णानगर, छाताडंगाल, राजवाड़ी, मालपाड़ा, श्मशान घाट स्थल, शांतिनगर समेत मिहिजाम के विभिन्न स्थानों पर कई दिनों से अंधेरा पसरा है। रात होते ही ये इलाके अपराध और असामाजिक तत्वों की शरणस्थली बन जाते हैं। इस समस्या से नगरवासी परेशान है।

चार दिन की चांदनी फिर अँधेरी रात

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद के सौजन्य से ठेकेदारों द्वारा उच्च गुणवत्ता के बजाय निम्न स्तरीय लाइटें लगाई जा रही हैं। नतीजा, शुरुआत में कुछ महीनों तक चकाचौंध रहती है, उसके बाद लाइटें खराब हो जाती हैं और फिर से अंधेरा कायम हो जाता है। श्मशान स्थल जैसे संवेदनशील जगह पर भी लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात में अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों को भारी परेशानी होती है।मिहिजाम के दर्जनों निवासियों ने हाई मास्ट और सोलर लाइटों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि ठेकेदारों ने मानकों को ताक पर रखकर घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया। लाइटें कुछ महीने भी नहीं चल पातीं। इसकी गहन जांच होनी चाहिए और दोषी ठेकेदारों और सोलर लाइट सप्लायर पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

अपराध को मिल रहा बढ़ावा

क्षेत्र में लगातार अंधेरा रहने से चोरी, छिनतई और नशाखोरी जैसी घटनाएं बढ़ गई हैं। असामाजिक तत्व सुनसान जगहों पर अंधेरे का फायदा उठाकर इकट्ठा होते हैं। महिलाओं और बुजुर्गों का शाम के बाद घर से निकलना मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि लाइटें सिर्फ चुनावी वादों और उद्घाटन तक ही जगमगाती हैं।

मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति, गुणवत्ता पर सवाल, जांच की मांग

शिकायतों के बावजूद नगर परिषद द्वारा मरम्मत के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है। कई खंभों पर बल्ब बदले भी जाते हैं तो वे कुछ ही दिनों में फिर खराब हो जाते हैं। सोलर पैनल और बैटरी की गुणवत्ता भी बेहद खराब बताई जा रही है। नागरिकों ने उपायुक्त जामताड़ा और नगर विकास विभाग से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। लोगों ने कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से लगाई गई लाइटें अगर रोशनी ही न दें तो ऐसी विकास योजनाओं का क्या फायदा? नगर परिषद को तुरंत सभी खराब लाइटों को बदलकर उच्च गुणवत्ता वाली लाइटें लगवानी चाहिए ताकि रात में सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके। इस संदर्भ में मिहिजाम नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी गोपेश कुंभकार से सवाल पूछने पर उन्होंने साधी चुप्पी।