सवांददाता कुमार विक्रम
दुमका- जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने आज मसलिया प्रखंड की कोलारकोंदा पंचायत के कमारसली गांव का दौरा किया। यहाँ उन्होंने जामा और जरमुंडी प्रखंडों के लिए निर्माणाधीन बहु-ग्रामीण जलापूर्ति योजना का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परियोजना की प्रगति, निर्माण कार्य की गुणवत्ता तथा निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।अधिकारियों ने उपायुक्त को अवगत कराया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के जरिए जामा प्रखंड की 14 पंचायतों तथा जरमुंडी प्रखंड की 13 पंचायतों के 1 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल योजना के तहत वाटर इंटेक सहित अन्य आवश्यक बुनियादी ढांचों का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
जब उपायुक्त को बताया गया कि वाटर इंटेक का काम लगभग पूरा होने वाला है, तो उन्होंने संबंधित कार्य एजेंसी और विभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि आगामी 45 दिनों के भीतर वाटर इंटेक से जुड़े सभी कार्यों को हर हाल में पूर्ण कर लिया जाए। इसके साथ ही परियोजना के शेष कार्यों में भी तेजी लाई जाए। उपायुक्त ने दो टूक शब्दों में कहा कि यह परियोजना हजारों ग्रामीण परिवारों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी है, इसलिए काम में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण सामग्री और संरचनाओं की मजबूती मानकों के अनुरूप होनी चाहिए ताकि भविष्य में जलापूर्ति सुचारू रूप से चल सके। उपायुक्त ने अधिकारियों को नियमित निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त परिवारों को भी इस योजना से जोड़ने की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया ताकि जामा एवं जरमुंडी प्रखंड के लाखों ग्रामीणों का जीवन स्तर बेहतर हो सके।