सौरभ राय/रांची: कुछ दिनों पूर्व जैक बोर्ड द्वारा आयोजित मैट्रिक परीक्षा के परिणाम घोषित किए गए जिसमें  प्रेम कुमार साहू ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पूरे राज्य में टॉप किया। इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अपने द्वारा किए गए वादे को निभाते हुए अनुसार मैट्रिक परीक्षा में झारखंड टॉप करने वाले छात्र प्रेम कुमार साहू के घर पहुंचकर गुरुवर को उन्हें एक लाख रुपए की सहयोग राशि प्रदान की।

*प्रेम के साथ साथ तीन अन्य टॉपरों को भी भाजपा देगी प्रोत्साहन राशि*
बता दे,प्रेम  साहू रांची जिला के कांके प्रखंड अंतर्गत नेवरी निवासी अर्जुन साहू के सुपुत्र हैं। आदित्य साहू ने बताया कि प्रेम साहू ने मैट्रिक की परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर पूरे राज्य को गौरवान्वित किया है। प्रेम के साथ हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी, बानो की शिवांगी कुमारी एवं रांची के सन्नी कुमार वर्मा ने भी झारखंड टॉप किया है। भाजपा ने इन्हें भी 1,00,000 रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

*प्रतिभा के सम्मान के लिए भाजपा हमेशा से है तत्पर- आदित्य साहू*
टॉपर प्रेम साहू को प्रोत्साहन देने पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीतिक दल है जो प्रतिभा के सम्मान और उज्जवल भविष्य के निर्माण के लिए सदैव समर्पित है। प्रेम कुमार साहू ने प्रेमचंद्र हाई स्कूल, मेसरा (रांची) से मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर पूरे झारखंड में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र एवं राज्य का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह अद्भुत सफलता पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार आज उनके आवास पहुँचकर उन्हें इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर आगे की पढ़ाई के लिए अपनी ओर से एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान कर अपना वादा पूरा किया।

*पीएम नरेंद्र मोदी के सोच से प्रेरित होकर टॉपर विद्यार्थियों को किया जा रहा है सम्मानित*
वहीं, आदित्य साहू ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि कहा कि पीएम मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा के सेवा, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण के संकल्प से प्रेरित होकर समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने का सतत प्रयास किया जा रहा है। इसी क्रम में झारखंड के अन्य मेधावी विद्यार्थियों हजारीबाग की प्रियांशु कुमारी, बानो की शिवांगी कुमारी एवं रांची के सन्नी कुमार वर्मा जिन्होंने मैट्रिक परीक्षा में 498 अंक (99.60%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया है, उन्हें भी प्रोत्साहन स्वरूप उनकी आगे की पढ़ाई के लिए एक लाख रुपये की सहयोग राशि दी जाएगी।

*मनुष्य का जीवन दूसरों के सेवा के लिए होना चाहिए- आदित्य साहू*
आदित्य साहू ने प्रमुखता से कहा 
कि हमें विश्वास है कि समाज के मेधावी और परिश्रमी विद्यार्थियों को यदि समय पर सहयोग और प्रोत्साहन मिले, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति हमें यह सिखाती है कि वृक्ष अपने फल दूसरों के लिए देते हैं, नदियाँ दूसरों के हित के लिए बहती हैं और गायें भी दूसरों के कल्याण के लिए दूध देती हैं। उसी प्रकार मनुष्य का जीवन भी समाज की सेवा और दूसरों के उत्थान के लिए होना चाहिए।