रफ़्तार मिडिया/ सोनाहातु राहे /संवाददाता
रांची जिले के सोनाहातु राहे थाना क्षेत्र के चुतरूडीह गांव में बुधवार को एक ऐसी वारदात हुई जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। यहां 45 वर्षीय नंदलाल महतो ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी मां भोला देवी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी।जानकारी के अनुसार नंदलाल का अपनी पत्नी से आए दिन झगड़ा होता था। बुधवार को भी वह पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट कर रहा था। इसी दौरान मां भोला देवी ने बीच-बचाव करने की कोशिश की। इसी बात पर बेटे को गुस्सा आ गया और उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में भोला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही राहे थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। आरोपी बेटे नंदलाल महतो को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।आरोपी की पत्नी सती देवी ने पुलिस को बताया कि नंदलाल शराब के नशे में अक्सर घर में मारपीट करता था। बुधवार को भी उसने पहले पत्नी से विवाद किया और फिर मां पर हमला कर दिया।
इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मां ने बेटे को जन्म देकर पाला-पोसा, उसी की जान बेटे ने ले ली।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।