दिनेश कुमार रजक/चित्तरंजन:रेल नगरी चित्तरंजन में शनिवार को भाजपा के थाना मार्च से सियासत गरमा गया। भाजपा ने तृणमूल कांग्रेस के तीन स्थानीय नेताओं की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चित्तरंजन थाने पर जोरदार प्रदर्शन किया। बीजेपी ने आरोप लगाया कि वर्षों तक राजनीतिक संरक्षण के कारण गंभीर मामलों में कार्रवाई नहीं हुई। भाजपा नेताओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर 2021 विधानसभा चुनाव के दौरान हुई कथित राजनीतिक हिंसा, भाजपा समर्थकों पर हमले, रेलवे भूमि पर अतिक्रमण और अनियमितताओं की जांच की मांग की। भाजपा के निशाने पर टीएमसी नेता सह चिरेका कर्मी श्यामल गोप, मिथुन मंडल और ठेकेदार अमित चक्रवर्ती रहे। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता अभिषेक सिंह ने कहा, लंबे समय तक चित्तरंजन थाना आम लोगों का नहीं, टीएमसी का अड्डा बन गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं की शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती थी। उन्होंने नर्सिंग कर्मियों के वेतन में कथित कटौती का आरोप भी ठेकेदार अमित चक्रवर्ती पर लगाया। भाजपा का आरोप है कि रेलवे की संरक्षित भूमि पर कब्जा कर क्लबों को राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बनाया गया। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। भाजपा नेता शंकर तिवारी, अभिषेक सिंह के अलावा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने कहा कि 10 दिन पहले भी ज्ञापन दिया था, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। चेतावनी दी कि निष्पक्ष जांच न हुई तो आंदोलन तेज होगा। फिलहाल प्रशासन और आरोपित नेताओं की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।