दीनबंधु राउत / रफ्तार मीडिया संवाददाता जामताड़ा:जामताड़ा जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आलोक कुमार ने बुधवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयर हाउस का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रूप से संपन्न हुई। निरीक्षण के दौरान 08 नाला एवं 09 जामताड़ा विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित ईवीएम कक्षों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोला गया। जांच पूरी होने के बाद सभी कक्षों को पुनः नियमानुसार सील कर दिया गया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया। उपायुक्त आलोक कुमार ने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, अग्निशामक यंत्रों की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता के साथ-साथ परिसर की साफ-सफाई की स्थिति की भी समीक्षा की।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रत्येक माह बाहरी निरीक्षण तथा त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण अनिवार्य है। इसके साथ ही निरीक्षण रिपोर्ट को निर्धारित प्रक्रिया के तहत निर्वाचन विभाग को भेजा जाता है, ताकि पूरी चुनावी व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनी रहे। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी सत्य प्रकाश, अग्निशामक पदाधिकारी सुधीर कुमार सिंह, जिला परिषद अध्यक्ष दीपिका बेसरा सहित अन्य अधिकारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों मौजूद थे।