रफ्तार संवाददाता रंजीत /पालकोट : गुमला जिले क्षेत्र में रसोई गैस की गंभीर किल्लत को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। शुक्रवार को ग्रामीणों ने गुमला–पालकोट मुख्य सड़क को पूगुधोडा के पास जाम कर दिया, जिससे कुछ घंटों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। 
ग्रामीणों का आरोप है कि कई दिनों से उन्हें रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा है। बार-बार शिकायत करने के बावजूद गैस एजेंसी और संबंधित विभाग द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिससे लोगों की दैनिक जीवन की परेशानी बढ़ गई है। खासकर महिलाओं को खाना बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन और गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि जब तक गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने जल्द ही गैस आपूर्ति व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया, जिसके बाद कुछ घंटों के बाद जाम समाप्त किया गया और यातायात सामान्य हो सका।
मुख्य मांगें:
रसोई गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए
गैस वितरण में पारदर्शिता लाई जाए।